डंपर में अवैध ‘ऑटो लिफ्टर’ का इस्तेमाल बंद हो, ओवरलोड डंपरों पर कार्रवाई के लिए DM को ज्ञापन

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
सद्भावना वेलफेयर सोसाइटी ने मंगलवार को ओवरलोड डंपरों व ऑटो लिफ्टर (एक्सल उठाकर चलाना) का इस्तेमाल करने वाले वाहनों पर कार्यवाई के लिए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को ज्ञापन दिया. संस्था के सचिव राजेन्द्र कुमार ने ज्ञापन देते हुए बताया कि नौबस्ता हमीरपुर मार्ग पर ओवरलोड एवं अवैध रूप से संसोधित वाहन धड़ल्ले से संचालित हो रहे है जिससे आए दिन दुर्घटनाएं बढ़ रही है और लोग अपनी जान गंवा रहे है. पहिए उठाकर वाहन चलाना मोटर वाहन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है पर जिम्मेदार अपनी आंखें बंद किए हुए है. अगर समय से इन पर कार्यवाई कि जाए तो दुर्घटनाओं पर किसी हद तक लगाम लगाई जा सकती है.

उन्होंने बताया कि वाहनों में अवैध रूप से “ऑटो लिफ्टर” अथवा एक्सल उठाने की व्यवस्था लगाई गई है. चालक वाहन में लगे स्विच अथवा लीवर के माध्यम से चलते वाहन के कुछ पहियों को ऊपर उठा देते हैं. ऐसा प्रायः टायरों की घिसावट कम करने, ईंधन बचाने तथा अधिक भार ढोने के उद्देश्य से किया जाता है किन्तु यह व्यवस्था अत्यंत खतरनाक एवं जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है. पहिए ऊपर उठ जाने से वाहन का संतुलन प्रभावित हो जाता है तथा ब्रेक प्रणाली समुचित रूप से कार्य नहीं कर पाती. जब वाहन के कई पहिए सड़क से ऊपर उठे होते हैं, तब ब्रेक का दबाव सभी पहियों पर समान रूप से नहीं पड़ता. ऐसी स्थिति में अचानक ब्रेक लगाने पर वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं, जिसके कारण सड़क पर चल रहे निर्दोष नागरिक गंभीर दुर्घटनाओं का शिकार बनते हैं. यही कारण है कि इस मार्ग पर लगातार भीषण एवं जानलेवा दुर्घटनाएँ हो रही हैं.

ऐसे रुक सकती है घटनाएं-

➤हाइवे व राजमार्गों पर संचालित सभी ओवरलोड डंपरों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाए,
➤जिन वाहनों में ऑटो लिफ्टर अथवा पहिए उठाने की अवैध व्यवस्था पाई जाए, उन्हें तत्काल प्रभाव से जब्त किया जाए;
➤ऐसे वाहनों के मालिकों एवं संचालकों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए;
➤ओवरलोडिंग रोकने हेतु नियमित चेकिंग एवं इलेक्ट्रॉनिक निगरानी व्यवस्था लागू की जाए;
➤संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित कर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाए.

संस्था की अध्यक्ष बबिता निगम ने जिलाधिकारी को बताया स्थिति अब इतनी भयावह हो चुकी है कि आम नागरिक भय एवं असुरक्षा के वातावरण में जीवन यापन करने को विवश हैं. आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं में निर्दोष लोगों की मृत्यु एवं गंभीर चोटों की संख्या लगातार बढ़ रही है. साथ ही ओवरलोड वाहनों के कारण सड़कें भी तीव्र गति से क्षतिग्रस्त हो रही हैं, जिससे यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो रही है. अतः हमारी संस्था “सदभावना वेलफेयर सोसाइटी” की ओर से आपसे विनम्र अनुरोध है कि जनहित में तत्काल प्रभाव से कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे. इस मौके अध्यक्ष बबीता निगम सचिव राजेन्द्र कुमार कोषाध्यक्ष ज्ञानी राम निगम संरक्षक श्याम सुंदर सारस्वत सदस्य विजय मौर्य श्री राम शरण रोहित राज वर्मा व मयंक मिश्रा उपस्थित रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *