कानपुर में STP नाले की दीवार टूटी: सड़क पर पानी भरने से 12 गावों से संपर्क कटा; एयरपोर्ट वाला रास्ता जाम

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के जाजमऊ स्थित पेवंदी गांव में गुरुवार सुबह 10 बजे सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के मुख्य नाले की लगभग 10 मीटर लंबी दीवार टूट गई. गंदा पानी सड़क पर भर गया। पानी भरने से एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों और आसपास के 12 गांवों के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

सड़क पर जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित हुई और कई दोपहिया वाहन चालक फंस गए. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नाले की दीवार टूटने के बाद तेज बहाव के साथ पानी सड़क पर फैल गया, जिससे कुछ ही देर में पूरा मार्ग जलमग्न हो गया.

एयरपोर्ट की ओर जाने वाले वाहनों को लंबे जाम का सामना करना पड़ा, जिसके कारण कई यात्रियों को अपनी उड़ानें पकड़ने में कठिनाई हुई.

लंबे समय से रिसाव हो रहा था: ग्रामीणों के अनुसार, नाला केवल एक स्थान से नहीं, बल्कि कई जगहों से क्षतिग्रस्त था और लंबे समय से उसमें रिसाव हो रहा था. स्थानीय निवासियों ने कई बार संबंधित विभाग से इसकी मरम्मत की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. लगातार रिसाव के कारण अंततः नाले की दीवार टूट गई.

क्षेत्रीय लोगों ने आरोप लगाया है कि यदि समय रहते मरम्मत कर दी जाती तो यह समस्या उत्पन्न नहीं होती. सड़क पर गंदा पानी भरने से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है. ग्रामीणों ने बताया कि स्कूली बच्चों, मरीजों और शहर आने-जाने वाले लोगों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं.

स्थानीय लोगों ने कई बार नाले को भूमिगत करने की भी मांग की है, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया. इससे पहले भी नाला टूटने से कई खेतों की फसलें बर्बाद हो चुकी हैं.

तत्काल नाले की मरम्मत कराने की मांग: इस घटना के बाद विभागीय लापरवाही को लेकर क्षेत्र में व्यापक नाराजगी है. स्थानीय नागरिकों ने तत्काल नाले की मरम्मत, जलभराव हटाने और पूरे नाले की तकनीकी जांच कर स्थायी समाधान की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं.

शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई: पेवंदी गांव के रहने वाले सोने लाल यादव ने बताया कि नाला टूटे करीब दो घंटे हो चुके हैं. इसकी सूचना हमने सीएम हेल्पलाइन, जल निगम और जिलाधिकारी को दे दी है, लेकिन एसटीपी प्लांट की ओर से अभी तक पानी का संचालन बंद नहीं किया गया. दूषित पानी आबादी वाले इलाके और सड़क पर भर रहा है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है.

इस गंदे पानी में कई वाहन खराब हो गए हैं और कई लोग फिसलकर घायल भी हुए हैं. शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। करीब डेढ़ महीने पहले भी हमने जर्जर नाले की स्थिति को लेकर नगर आयुक्त से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *