कानपुर-लखनऊ हाईवे पर मेंटेनेंस कर रहे NHAI कर्मचारियों को DCM ने रौंदा: 1 की मौत, 4 गंभीर

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर-लखनऊ हाईवे पर शुक्रवार शाम तेज रफ्तार का जानलेवा कहर देखने को मिला. हाईवे पर मरम्मत (मेंटेनेंस) का काम कर रहे एनएचएआई (NHAI) के कर्मचारियों को एक तेज रफ्तार डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि 4 अन्य जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं.

जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब एनएचएआई के कर्मचारी जाजमऊ से हरजिंदर नगर के बीच छबीलेपुरवा केस्को के सामने स्थित फ्लाईओवर पर मेंटेनेंस का काम कर रहे थे. शाम करीब 5:30 बजे एक बेकाबू और तेज रफ्तार डीसीएम वहां आई और काम में जुटे कर्मचारियों को बेरहमी से रौंदते हुए निकल गई.

मृतक की पहचान 35 वर्षीय मोहित यादव उर्फ सिद्धार्थ यादव के रूप में हुई है, जो हनुमंत विहार, नौबस्ता कानपुर नगर के रहने वाले थे. मृतक के भाई दीपक यादव ने रुंधे गले से बताया कि मोहित एक ठेकेदार के अंडर में हाईवे पर मेंटेनेंस का काम करता था. शाम को अचानक पिता के मोबाइल पर एक फोन आया, जिससे इस मनहूस घटना की जानकारी मिली. खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया है.

थाना जाजमऊ पुलिस द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद सभी 5 लोगों को तुरंत मान्यवर कांशीराम अस्पताल ले जाया गया था। जहां डॉक्टरों ने मोहित को मृत घोषित कर दिया. उदय राज (निवासी- फतेहपुर), जयप्रकाश, वीरेंद्र निवासी बिधनू गढ़वा, कानपुर नगर, एक अन्य व्यक्ति जिसका नाम अभी अज्ञात है, पुलिस शिनाख्त के प्रयास कर रही है.

चारों घायलों की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें कांशीराम अस्पताल से हैलट (LLR) अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने में जुटी है वहीं, जाजमऊ पुलिस द्वारा मृतक मोहित के शव का पंचायतनामा कांशीराम अस्पताल में भरकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *