कानपुर के शुक्लागंज में कोतवाली गंगा घाट क्षेत्र में आयकर अधिकारी की बहू की आधी चेन लूटकर लुटेरे भाग निकले. पीड़िता गांधीनगर मोहल्ला स्थित गली से ननद के साथ दुर्गा मंदिर से दर्शन कर घर को लौट रही थी. करवाचौथ के दिन हुई लूट की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने CCTV खंगालने शुरू कर दिए हैं. पीड़िता ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी है.
बालू घाट चौकी क्षेत्र के मोहल्ला श्रीनगर शनिदेव मंदिर वाली गली निवासी सुनीता मौर्य पत्नी संतोष मौर्य ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह करीब छह बजे राजधानी मार्ग स्थित दुर्गा मंदिर से दर्शन करते हुए अपनी ननद श्रीनगर निवासी किरन के साथ वह घर को पैदल वापस लौट रही थी. गांधीनगर स्थित अग्रवाल स्टूडियो के निकट गुजरते समय पीछे से आए लुटेरे ने उनकी चेन गले से खींच ली.
इसके बाद अपने बाइक सवार अन्य साथी के साथ भाग निकला. गनीमत रही कि खींचतान के बीच उनकी आधी चेन उनके पास रह गई. बाइक पर दो लुटेरे थे। पीड़िता और उसकी ननंद ने काफी शोरगुल किया दौड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन लुटेरे भाग निकले. घटना की जानकारी होने पर कोतवाली गंगा घाट प्रभारी निरीक्षक अनुराग सिंह मय पुलिस बल के पहुंचे.
पुलिस ने जांच शुरू करते हुए सीसीटीवी कैमरे चेक किए. सुनीता ने बताया कि साल 2015 में उसने 45,000 कीमत की करीब डेढ़ तोला की चेन खरीदी थी. उसके ससुर राजाराम कानपुर आयकर विभाग में कार्यालय अधीक्षक के पद पर तैनात हैं. वहीं, करवाचौथ के दिन चेन लूट की घटना होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही चेन लुटेरे पकड़े जाएंगे.
















Leave a Reply